बिजनेस। शेयर बाजार में कौन सा स्टॉक कब निवेशकों की झोली भर दे, कहना मुश्किल है। लेकिन स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के निवेशकों को इस वक्त इसका पूरा अंदाजा है। मल्टीबैगर बन चुके इस शेयर ने महज 9 महीने में 1050 फीसदी का रिटर्न दिया है। ब्रोकरेज फर्म निर्मल बैंग इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का अनुमान है कि रफ्तार अभी थमी नहीं है और शेयर में 40 फीसदी का उछाल और आ सकता है।
9 महीने में 1 लाख के हो गए 11.50 लाख
स्टरलाइट टेक के शेयर में पैसा लगाने वालों को 9 महीने में 1050 फीसदी का रिटर्न मिला है। मतलब किसी ने 1 लाख रुपये लगाए होते, तो आज उसकी रकम बढ़कर 11.50 लाख रुपये हो चुकी होती। इतने कम समय में ऐसा रिटर्न बाजार में कम ही देखने को मिलता है।
सोमवार को लगा अपर सर्किट
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भी शेयर में जबरदस्त तेजी रही। शुरुआत से ही खरीदारों का जोर दिखा और बाजार बंद होते-होते स्टॉक में 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया। शेयर 1003.10 रुपये पर बंद हुआ, जो उसका 52 हफ्ते का नया उच्चतम स्तर भी है। तेजी की बदौलत कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 51,440 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
छह महीने में पैसा हुआ पांच गुना
बाजार की उथल-पुथल का इस शेयर पर ज्यादा असर नहीं दिखा है। बीते छह महीने में इसने निवेशकों को 433 फीसदी का रिटर्न दिया है, यानी लगाई गई रकम पांच गुना से ज्यादा हो गई। सिर्फ पिछले पांच कारोबारी दिनों में ही स्टॉक 23 फीसदी चढ़ चुका है।
निर्मल बैंग ने दिया 1340 रुपये का टारगेट
निर्मल बैंग इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने स्टरलाइट टेक पर कवरेज शुरू की है। ब्रोकरेज ने शेयर को बाय रेटिंग दी है और 1,340 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। उसके मुताबिक मजबूत मांग, आय में सुधार और ज्यादा मार्जिन वाले कनेक्टिविटी प्रोडक्ट्स की बढ़ती हिस्सेदारी से यह तेजी टिक सकती है। स्टरलाइट टेक ऑप्टिकल फाइबर, ऑप्टिकल फाइबर केबल और कनेक्टिविटी प्रोडक्ट्स बनाती है। ग्लास से लेकर डेटा सेंटर तक पूरी श्रृंखला में कंपनी की मौजूदगी है। उसके रेवेन्यू का करीब 95 फीसदी हिस्सा ऑप्टिकल नेटवर्किंग से आता है।
शेयर बाजार में किसी भी निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।