न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विजय शेखर सिंह/पटना: बिहार एसटीएफ और पटना जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पटना जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल सुदामा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पटना जिले के रुकनपूरा छापेमारी कर उसे पकड़ा है। जानकारी के अनुसार, सुदामा सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक सुदामा सिंह मूल रूप से सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी, रुकनपुर में रह रहा था।
जांच में पता चला है कि सुदामा सिंह ने जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर 'कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनाई थी। आरोप है कि कंपनी की आड़ में कई लोगों को जमीन दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है।
सुदामा सिंह के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में कांड संख्या 342/24 दर्ज है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420 और 120(बी) के तहत कार्रवाई की गई हैा।
बता दें कि इसके अलावा पटना के कोतवाली थाने में ही सुदामा सिंह के खिलाफ एनआई एक्ट और धोखाधड़ी समेत कुल छह मामले दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।