न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: अगर आपकी सुबह चाय या कॉफी के बिना शुरू नहीं होती तो यह खबर आपके लिए हैं. बाजार में ब्लैक कॉफी, कोल्ड कॉफी, फ्लेवर कॉफी और फिल्टर कॉफी के कई विकल्प मौजूद है लेकिन अब एक ऐसी कॉफी चर्चा में है, जिसके बारे में सुनकर शायद आप चौंक जाएं. यह कॉफी कॉफी बीन्स से नहीं बल्कि भिंडी से बनाई जाती हैं. जी हां, भिंडी वाली कॉफी जिसे ओक्रा कॉफी भी कहा जाता है, अब हेल्थ कॉन्शियस लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं.
क्या है ओक्रा कॉफी?
ओक्रा कॉफी पारंपरिक कॉफी नहीं हैं. इसे कॉफी बीन्स की जगह सूखी और भुनी हुई भिंडी या भिंडी के बीजों से तैयार किया जाता हैं. खास बात यह है कि इसमें कैफीन नहीं होती लेकिन इसका स्वाद हल्का नट्टी और स्मोकी होता है, जो काफी हद तक कॉफी जैसा अनुभव देता हैं.
गृहयुद्ध के दौर में हुआ था इसका जन्म
ओक्रा कॉफी का इतिहास बेहद दिलचस्प हैं. अमेरिकी गृहयुद्ध के दौरान जब कॉफी की सप्लाई बाधित हो गई और कीमतें आसमान छूने लगीं, तब लोगों ने विकल्प तलाशना शुरू किया. इसी दौरान भिंडी के बीजों को भूनकर कॉफी जैसा पेय तैयार किया गया. पुराने अखबारों में भी इसका जिक्र मिलता है कि इसका स्वाद असली कॉफी से मिलता-जुलता था.
घर पर ऐसे बनाएं भिंडी वाली कॉफी
भिंडी वाली कॉफी बनाना काफी आसान हैं. ताजी भिंडी को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद उन्हें धूप या ओवन में पूरी तरह सुखा लें. सूखने के बाद हल्का भूरा होने तक भूनें और फिर पीसकर पाउडर बना लें. एक कप पानी उबालकर उसमें एक चम्मच यह पाउडर डालें और 2 से 3 मिनट पकाएं. फिर छानकर पी लें. चाहें तो स्वाद के लिए दूध या शहद भी मिला सकते हैं.
सेहत के लिए क्यों खास है यह कॉफी?
भिंडी वाली कॉफी सिर्फ अनोखी नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती हैं. इसमें मौजूद फाइबर ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद कर सकता है, इसलिए यह डायबिटीज मरीजों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में भी मददगार मानी जाती हैं. पेट की समस्याओं, कब्ज और अपच जैसी दिक्कतों में राहत देने में सहायक हो सकती हैं.
कम कैलोरी और हाई फाइबर होने की वजह से यह वजन घटाने वालों के लिए भी उपयोगी मानी जाती हैं. इसे पीने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कम हो सकती हैं. भिंडी कोलेस्ट्रॉल लेवल कम करने में मदद कर सकती है, जिससे दिल की सेहत बेहतर रखने में सहायता मिल सकती हैं.
कैफीन से दूरी चाहते हैं तो बढ़िया विकल्प
जो लोग ज्यादा कॉफी पीने से बचना चाहते है या कैफीन कम करना चाहते है, उनके लिए ओक्रा कॉफी एक बेहतरीन विकल्प बन सकती हैं. इसमें कैफीन नहीं होती, इसलिए नींद या घबराहट जैसी समस्याएं भी कम हो सकती हैं. भिंडी वाली कॉफी का स्वाद बिल्कुल पारंपरिक कॉफी जैसा नहीं होता, लेकिन इसमें हल्का स्मोकी और नट्टी फ्लेवर आता है, जो कॉफी प्रेमियों को पसंद आ सकता हैं. यही वजह है कि हेल्दी ड्रिंक के तौर पर इसकी मांग धीरे-धीरे बढ़ रही हैं.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
जिन लोगों को भिंडी से एलर्जी है, उन्हें इस ड्रिंक से बचना चाहिए. किसी भी नई चीज को नियमित डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना बेहतर रहेगा. आज जब लोग हेल्दी और नेचुरल विकल्पों की तलाश में हैं ऐसे में भिंडी वाली कॉफी तेजी से नया ट्रेंड बनती दिख रही हैं. स्वाद, सेहत और कैफीन-फ्री होने की वजह से यह आम कॉफी को चुनौती देती नजर आ रही हैं.
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए हैं. किसी भी स्वास्थ्य समस्या या डाइट में किसी भी बदलाव से पहले हमेशा अपने डॉक्टर, न्यूट्रिशनिस्ट या डायटीशियन से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़े: चलती चारमीनार एक्सप्रस में मचा हड़कंप, S5 कोच में लगी आग.. जान बचाने को कूदे यात्री