नई दिल्लीः सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा । उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सरदार पटेल को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। शाह के इस बयान पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसी बातें सरदार पटेल की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
अमित शाह बोले- 1218 दिनों में बनाया अखंड भारत
अमित शाह ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी । उन्होंने कहा कि आजादी के समय देश कई रियासतों में बंटा हुआ था। ऐसे में सरदार पटेल ने महज 1,218 दिनों में इन रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत की नींव रखी।
शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना कर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत आधार दिया खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह में किसानों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को भी याद किया ।
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को भुलाने और उन्हें उचित सम्मान से दूर रखने की कोशिश की उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात का मुख्यमंत्री रहते स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाकर उनकी विरासत को देश के सामने लाया गया।
सलमान खुर्शीद ने दिया जवाब
अमित शाह के बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि सरदार पटेल उतने ही सम्मान के हकदार हैं जितने देश के दूसरे महान नेता । कांग्रेस उनके विचारों, बातों और कामों का सम्मान करती है।
खुर्शीद ने कहा कि इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी से सरदार पटेल की छवि को नुकसान पहुंचता है और लोगों के मन में उनके प्रति सम्मान कम होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस तरह की बातें कहने की जरूरत क्यों पड़ती है।
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को हुआ था। उनकी जयंती को वर्ष 2014 से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।