अंकित पाण्डेय, गौरीगंज, अमेठी: देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अमेठी में पुलिस के कदम एक नए संकल्प के साथ दौड़े। शनिवार सुबह पुलिस की वर्दी में निकली एकता की यह दौड़ सिर्फ मंजिल तक पहुंचने की कवायद नहीं थी, बल्कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का सार्वजनिक संदेश भी थी। राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. समेत अधिकारियों, जवानों और महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
वर्दी में दौड़े कदम, एकता का संदेश पहुंचा सड़कों तक
सुबह आठ बजे नवीन रिजर्व पुलिस लाइन (नवोदय विद्यालय के सामने) से दौड़ की शुरुआत हुई। एसपी सरवणन टी. की अगुवाई में अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, गौरीगंज कोतवाल, महिला थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एक साथ दौड़े। पुलिस लाइन से निकली दौड़ गौरीगंज कस्बे के ओवरब्रिज तक पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी ने आयोजन में उत्साह और सामूहिक सहभागिता का रंग भर दिया।
पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प
आयोजन के दौरान लौह पुरुष के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता-अखंडता के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।
हर कदम से दिया एकता का संदेश
अमेठी पुलिस की इस पहल ने आमजन के बीच राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश पहुंचाया। पुलिसकर्मियों की सामूहिक भागीदारी ने यह जाहिर किया कि राष्ट्रीय एकता केवल समारोहों तक सीमित रहने वाला विचार नहीं, बल्कि उसे व्यवहार और जिम्मेदारी में उतारना भी जरूरी है।