चंडीगढ़ः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला । उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनना है तो वे पूरी जिंदगी मॉक पार्लियामेंट में ही बने रहें, क्योंकि प्रधानमंत्री बनने का उनका नंबर कभी नहीं आने वाला। शाह ने कांग्रेस पर झूठ बोलने, संसद का काम रोकने और देश में अराजकता फैलाने का आरोप भी लगाया ।
अमित शाह चंडीगढ़ में 250 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे थे, इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर कई सवाल उठाए।
1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
शाह ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई INDIA गठबंधन की रैली पर भी सवाल उठाए,। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर 1984 को दिल्ली में सिख विरोधी हिंसा हुई थी। इस दिन हजारों सिखों की जान गई थी और कई परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा था।
शाह ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस से अपील की थी कि 1, 2 या 3 नवंबर को रैली न की जाए, ताकि दंगा पीड़ित परिवारों की भावनाएं आहत न हों। इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने इसे पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बताया।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।
चंडीगढ़ पुलिस को मिला राष्ट्रपति सम्मान
इससे पहले शाह ने चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान दिया गया। शाह ने पुलिस के काम की तारीफ करते हुए कहा कि चंडीगढ़ देश का पहला नशामुक्त शहर बन सकता है । उन्होंने बताया कि एनडीपीएस मामलों में दोषसिद्धि की दर 93 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके अलावा पुलिस बेड़े में 141 नए वाहन भी शामिल किए गए।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आने वाले समय में पंजाब में भी एनडीए की सरकार बनाने का भरोसा जताया।