कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है, सोमवार, 26 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देशभर में प्रदर्शन कर खड़गे से माफी मांगने और इस्तीफा देने की मांग की। यह विवाद रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान दिए गए उनके बयान के बाद शुरू हुआ ।
पटना में क्या बोले थे खड़गे?
बिहार की राजधानी पटना में पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में खड़गे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बीजेपी पर निशाना साध रहे थे। इसी दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाने वाले । जवाब में खड़गे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा।” इसी टिप्पणी पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई ।
बीजेपी ने कई शहरों में किया प्रदर्शन
बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिहार, जम्मू और बेंगलुरु समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किया। पटना में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और खड़गे का पुतला जलाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बयान को दुख पहुंचाने वाला बताया, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना की । इस विवाद के बीच बीजेपी खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़ी है
कांग्रेस ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेता और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी गैर-मुद्दों को मुद्दा बनाती है, वहीं, राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि राजनीतिक बयानों पर नाराजगी चुनिंदा तरीके से नहीं होनी चाहिए । उन्होंने पुराने विवादों का हवाला देते हुए बीजेपी नेताओं की टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए।