राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: डीसी ऋतुराज द्वारा प्रखंड कार्यालय सह अंचल कार्यालय मांडू का विस्तृत औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे परिसर का भ्रमण कर वहां की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन-सुविधाओं तथा संचालित विभिन्न विकास व कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया.
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों के साथ उनके द्वारा किए जा रहे दैनिक कार्यों एवं संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की.
अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजय कुजूर की उपस्थिति में आयोजित इस समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को शून्य करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) मामलों प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित किया जाए. साथ ही प्रखंड क्षेत्र में भवनहीन एवं नए आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु शीघ्र उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित करने, बच्चों एवं माताओं हेतु पोषाहार आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा मीटा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का पारदर्शी व समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया.
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने अंचल-प्रखंड परिसर स्थित एमटी (MT) गोदाम की गहन जांच की. इस दौरान उन्होंने स्वयं खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था का अवलोकन करते हुए मौके पर मौजूद कर्मियों के माध्यम से चावल की बोरियों का वजन (माप) कराया तथा आपूर्ति किए जा रहे नमक व अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की सूक्ष्मता से जांच की. उन्होंने स्टॉक एवं आवंटन पंजी का भौतिक सामग्री से मिलान कराया तथा अधिकारियों को सभी अभिलेख पारदर्शी एवं पूरी तरह अद्यतन रखने का निर्देश दिया.
इसके अतिरिक्त परिसर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने वर्षों पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से अविलंब ध्वस्त करने तथा नए प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया. साथ ही प्रखंड परिसर स्थित जीआरसी मांडू में आमजनों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा प्रखंड संसाधन केंद्र में शैक्षणिक गतिविधियों व उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य रूप से प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता,अंचल अधिकारी श्रीमती तृप्ति विजय कुजूर, प्रखंड विकास अधिकारी, रीना कुजूर एवं अंचल व प्रखंड कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कछरा मोड़ से लोडेड कट्टा व कारतूस के साथ दो गिरफ्तार