मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ के समीप सोमवार रात सीआईएसएफ की शिफ्ट बस और मारुति वैन के बीच हुई भीषण टक्कर में पूर्व सरपंच, रैयत विस्थापित मोर्चा के अध्यक्ष एवं पिपरवार महाविद्यालय कारो के अध्यक्ष रामचन्द्र उरांव की मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मारुति वैन के परखच्चे उड़ गए और रामचन्द्र उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पिपरवार पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची. घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और विरोध जताया. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और दुर्घटना की जांच शुरू की.
रामचन्द्र उरांव पूर्व सीसीएल कर्मी और क्षेत्र के प्रमुख विस्थापित नेताओं में शामिल थे. पूर्व सरपंच के साथ रैयत विस्थापित मोर्चा के अध्यक्ष और पिपरवार महाविद्यालय कारो के अध्यक्ष के रूप में भी वे सक्रिय रहे. उनके निधन की खबर से खलारी-पिपरवार और टंडवा कोयलांचल में शोक की लहर है.
यह भी पढ़ें: अभी खत्म नहीं हुआ है बारिश का दौर, आज झारखंड के सभी जिलों के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट, 25 सितम्बर तक रहेगा बारिश का जोर