न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोली की कार्यशाला प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में सम्पन्न हुई. इस कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी सह लोकसभा के मुख्य सचेतक, भाजपा बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि देश को एक युग के बाद ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जिनकी करिश्माई छवि एवं सेवा भाव का कायल न सिर्फ भारत के 140 करोड़ लोग हैं बल्कि पूरी दुनियां है.
राष्ट्रीय प्रभारी संजय जायसवाल ने कहा है कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में) में राष्ट्र सेवा, सुशासन और समर्पण भाव के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने अभियान की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक बैठक में स्पष्ट किया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को अपने घर के अभिभावक के रूप में भव्य रुप से मनाना है.
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में एक महीने तक यह अभियान जनसेवा के महापर्व के रूप में चलाया जाएगा. उन्होंने सेवा समर्पण अभियान की प्रदेश टोली को भौतिक एवम वर्चुअल माध्यमों से संवाद करते हुए निर्देश दिया कि अभियान की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों को इस तरह अमलीजामा पहनाया जाए ताकि तमाम सेवा कार्यों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके.
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के सेवा कार्यों, जन कल्याणकारी उपलब्धियों को उजागर करना और प्रत्येक नागरिक को 'विकसित भारत 2047' के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है. इस अभियान के अंतर्गत देश भर में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसी विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएगी, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता की सहभागिता सुनिश्चित किया जाए.
वहीं वर्चुअल और भौतिक रूप से आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम काम करते हैं, यह हम सबों के लिए गौरव की बात है. उनके द्वारा लागू की गई योजनाओं को गांव गांव तक पहुंचाने में हमसब को भी राज्य की जनता का सेवा करने का मौका मिला है, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सिर्फ एक समारोह बनकर न रह जाये, बल्कि सेवा संकल्प के इस अभियान को गांव गांव तक ले जाना है. इन सभी कार्यक्रमों में आम जनता को जोड़ना है.
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले व्यक्ति के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से लगातार एक कार्यकर्ता के रूप में 140 करोड़ लोगों की अनवरत सेवा भाव से सेवा का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने अपने शरीर के रोम रोम तथा हर क्षण को देश को समर्पित किया है. नरेंद्र मोदी ने किसी से कभी कोई भेदभाव नहीं की. प्रधानमंत्री ने कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के हर घर में दस्तक देने का काम किया है. कोई ऐसा घर नहीं है जहां केंद्र की कल्याणकारी योजना न पहुंची हो.
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार यह महसूस हुआ है कि देश की गद्दी में बैठने वाला व्यक्ति हमारे बीच का है जो हमारे लिए काम करते हैं और हमारा ख्याल रख रखते हैं.
आदित्य साहू ने कहा कि पहले पैसे के अभाव में लोग भूख से मरते थे, भूखे खेतों में काम करते थे लेकिन नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों से किसी को भूखे पेट सोने नहीं दिया है. 2022 के बाद से आज कहीं भी यह सुनने को नहीं मिलता है कि कोई भूख से मर गया हो. कहा कि मोदी जी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है. देश के एक एक नागरिक उनकी विकास की सूची में है. वे गांव, गरीब, शोषित, वंचित सबको साथ लेकर चलने का काम कर रहे है. उन्होंने किसानों के आंसुओं को पोछा. यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमको भाजपा के माध्यम से गरीबों की सेवा करने का मौका मिला है. देश की 140 करोड़ लोग नरेंद्र मोदी जी को आशीर्वाद देने काम करते हैं.
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने एक माह तक चलने वाली 13 कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी. उन्होंने 13 कार्यक्रमों के लिए 12 प्रकार की टोली बनाने तथा उसके संयोजकों की घोषणा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के दिन 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया पूरे प्रदेश में 7 बजे शाम को एक साथ गांव के मंदिरों में, संस्थानों में, कार्यालयों में प्रजवल्लित किया जाएगा. सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह में देश के लगभग 25 करोड़ परिवार तक पहुँचने का लक्ष्य है. केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी के घर तक दस्तक देना है.
उन्होंने एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि स्कूलों में बच्चो के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी में आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव के तहत 25 कहानियों का संग्रह, सेवा ज्योति अभियान के तहत 7 अक्टूबर को यात्रा निकालना है और एक जगह जिले में जमा होना है जिसको नरेंद्र मोदी सम्बोधित करेंगे. सेवा सेतु अभियान के तहत केन्द्र सरकार की योजनाओं को लाभार्थी तक कैसे पहुंचें यह निश्चित करना है, महिलाओं के द्वारा सेवा के रंग कार्यकम्र के माध्यम से रंगोली बनाना है, सेवा इनोवेशन अभियान के तहत नए युवाओं के द्वारा किये गए इनोवेशन को प्रोत्साहित करना है, सबसे अच्छे इनोवेशन का चयन कर दिल्ली भेजना है. अगर किसी इनोवेशन का चयन दिल्ली में होता है तो उसे धरातल पर उतारने हेतु सारा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी.जनसेवक महाकुम्भ अभियान के तहत पंचायत से लेकर संसद तक जनसेवकों का महाकुम्भ का आयोजन करना है.
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया. जबकि उक्त बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव, नंद जी प्रसाद, राहुल अवस्थी, आरती सिंह, विकास प्रीतम, सीमा शर्मा, अमित कुमार, शशांक राज, अर्जुन सिंह, लवली गुप्ता, रमेश सिंह, बबन गुप्ता, वरुण साहू,धीरज महतो आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें- निशांत जायसवाल बने कांग्रेस OBC विभाग के प्रदेश अध्यक्ष