न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक के खिलाफ दर्ज मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है. एसोसिएशन की विभिन्न शाखाओं, जिला बल और सशस्त्र बल के प्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर प्रेस वार्ता और लिखित रूप से अपनी सहमति केंद्रीय कार्यालय को दी है.
एसोसिएशन का आरोप है कि डुमरी विधायक ने बरवाअड्डा थाना परिसर में प्रवेश कर सरकारी कार्य में बाधा डाली, पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और धमकी दी तथा असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया. एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया है कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद थाना से बाहर निकलने पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करवाने की बात कही गई. इन आरोपों को लेकर बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 146/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज होने का उल्लेख करते हुए एसोसिएशन ने मामले में आरोपी विधायक की गिरफ्तारी की मांग की है.
अनुसंधान में तेजी की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मामले के अनुसंधान में जानबूझकर देरी नहीं किए जाने का अनुरोध वरीय पर्यवेक्षण पदाधिकारियों से किया है. एसोसिएशन का कहना है कि मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से कार्रवाई होनी चाहिए.
कल घोषित होगा चरणबद्ध आंदोलन
एसोसिएशन ने सरकार और संबंधित प्राधिकार के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं. मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में कल चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा किए जाने की बात कही गई है. एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों के सम्मान, सुरक्षा और ड्यूटी के दौरान उनके साथ कथित दुर्व्यवहार के मुद्दे को लेकर संगठन आगे की रणनीति तय करेगा.