संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत शहर थाना क्षेत्र के रेडमा काली मंदिर के पास वाली गली में शातिर चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है, यह वारदात तरहसी ब्लॉक के रिटायर्ड बड़ा बाबू महेंद्र प्रसाद के आवास पर हुई घटना के वक्त घर में उनकी पत्नी, बुजुर्ग पिता और किराएदार मौजूद थे, फिर भी चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में हाथ साफ कर दिया.
मकान के मुख्य द्वार और सामने के हिस्से में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन पीछे की गली वाले हिस्से (बैक साइड) में कोई कैमरा नहीं था.. चोरों ने इसी सुरक्षा खामी का फायदा उठाया और गली के रास्ते मकान के पिछले हिस्से में दाखिल हुए.
अपराधियों ने किसी मशीन या कटर का इस्तेमाल कर कमरे की खिड़की को बेहद सफाई से निकाला और उसे नीचे रख दिया, इसके बाद खिड़की के रास्ते अंदर घुसे और पकड़े जाने से बचने के लिए कमरे का दरवाजा अंदर से ही बंद कर लिया.
चोरों ने आराम से पूरे कमरे को खंगाला और इलाज के लिए रखे 50 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां और एक कीमती घड़ी चुराकर आसानी से फरार हो गए.
सुबह 6 बजे जब बड़ा बाबू की पत्नी उठीं और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया, तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ. जब उन्होंने पीछे की गली में जाकर देखा तो उखड़ी हुई खिड़की देखकर उनके होश उड़ गए. घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मामला दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है..
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सेंट्रल कमेटी सदस्य असीम मंडल ने पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण