हिमांशु सिंह, सीतापुर: जिले के मथुरा थाना क्षेत्र के बझेरा गांव में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। प्रेम प्रसंग से नाराज 22 वर्षीय युवक ने अपनी 17 वर्षीय बहन की बांके से गर्दन और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार बझेरा गांव निवासी किसान राजाराम यादव की पुत्री सुमित्रा (17) का गांव के ही युवक अनुराग से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 22 जुलाई को वह घर छोड़कर उसके साथ चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अगले दिन किशोरी को बरामद कर परिवार के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद से परिवार में तनाव का माहौल था और भाई कोमल बहन से लगातार नाराज चल रहा था।
हुई कहासुनी, फिर की हत्या
शनिवार सुबह करीब सात बजे भाई-बहन के बीच इसी मुद्दे को लेकर फिर कहासुनी हो गई। पहले दोनों में मारपीट हुई। जान बचाने के लिए सुमित्रा घर से बाहर भागी, लेकिन आरोपी घर से बांका उठाकर उसके पीछे दौड़ा और गर्दन सहित शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी फरार
मृतका की चीख सुनकर मां रामरानी दौड़कर बाहर आईं, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
हत्या की वजह प्रेम प्रसंग
मां रामरानी ने पुलिस को बताया कि सुबह उन्होंने दोनों भाई-बहन का विवाद शांत करा दिया था, लेकिन कुछ देर बाद बेटा दोबारा गुस्से में लौटा और बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। वह तब तक वार करता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग का विरोध सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।