रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखने के बीच आसमान अचानक लाल हो गया। रायपुर समेत कई इलाकों में लोगों ने यह नजारा देखा तो हैरत में पड़ गए। तेज हवाओं और बिगड़ते मौसम के बीच लाल आसमान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह सब ऐसे समय में दिखा, जब अर्नब के कारण मध्य भारत में गरज-चमक, आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी हो रही है।
क्या तूफान की वजह से लाल हुआ आसमान
हर किसी के मन में यही सवाल है कि क्या यह लाल रंग का तूफान की देन है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि तूफानी सिस्टम ने भले ही हालात बनाए हों, लेकिन यह लाल आसमान और अर्नब के बीच सीधा संबंध नहीं है। आसमान का रंग कई चीजों पर निर्भर करता है। वायुमंडल की स्थिति, बादलों का घेरा, हवा में तैरती धूल और सूरज की स्थिति ये सब मिलकर रंग बदल देते हैं।
रेले स्कैटरिंग से समझिए पूरा विज्ञान
बता दें कि आसमान के लाल या नारंगी दिखने की मुख्य वजह सूर्य के प्रकासश का बिखराव है। सूर्योदय और सूर्यास्त के वक्त सूरज की रोशनी को वायुमंडल की लंबी परत पार करनी पड़ती है। रास्ते में नीले रंग जैसी छोटी तरंग वाली रोशनी बिखर जाती है। लाल और नारंगी रंग की लंबी तरंगे हमारी आंखों तक पहुंच जाती है। विज्ञान में इसे रेले स्कैटरिंग कहते हैं। यही वजह है कि तूफान के दौरान हवा में धूल, धुआं और पानी की बूंदें ज्यादा होती हैं। ये कण बिखराव को और बढ़ा देते हैं। इसलिए आसमान का रंग गहरा लाल नजर आने लगता है।
तेज हवाओं ने बढ़ाई चिंता
लाल आसमान के साथ प्रभावित इलाकों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गईं। कई जगह झोंके 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गए। ऐसे में पेड़ गिरने, कमजोर इमारतों को नुकसान और बिजली सप्लाई बाधित होने का खतरा बढ़ गया है।