बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है लेकिन इसका असर अब भी कई राज्यों में दिखाई दे रहा है । ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हैं। वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश से परेशानी
चक्रवात अर्नब 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था । इस दौरान तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। कई इलाकों में पेड़ गिरने, बिजली की आपूर्ति रुकने और सड़कों को नुकसान पहुंचने की खबरें आईं। दोनों राज्यों में एक लाख 80 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया था।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 29 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया । इसके बाद इसके और कमजोर होने का अनुमान है। हालांकि भारी बारिश का खतरा पूरी तरह टला नहीं है ।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है । कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं, राजस्थान में भी कई जगह बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत दूसरे राज्यों में भी मौसम बदलने का असर दिख रहा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है । निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव और तेज बहाव वाली जगहों से दूर रहने की जरूरत है ।