बृजेश कबीर, हरदोई: समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुनील अर्कवंशी की तहरीर पर सिटी कोतवाली पुलिस ने सीमा राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं और उनके परिवारों को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट व मीडिया में दिए गए बयानों के जरिए कथित तौर पर अश्लील, आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए हैं।
20 जुलाई की पोस्ट से गरमाया मामला
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, 20 जुलाई को फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट के जरिए सुभासपा के शीर्ष नेतृत्व की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पोस्ट में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं। सुनील अर्कवंशी का आरोप है, यह पहला मामला नहीं है। तहरीर में 15 जुलाई, 12 मई और छह जून 2026 को भी सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुभासपा नेताओं के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान और पोस्ट किए जाने का जिक्र किया गया है।
स्क्रीनशॉट और वीडियो पुलिस को सौंपे
शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य सामग्री के स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। उनका कहना है, इन पोस्ट और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर सुभासपा के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं की सामाजिक एवं राजनीतिक छवि प्रभावित करने की कोशिश की गई।
राजनीतिक बयानबाजी ने पकड़ा तूल
मामला ऐसे समय सामने आया है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुभासपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक खींचतान लगातार सुर्खियों में है। ऐसे में एक पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ दूसरी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
पुलिस जांच में खुलेगा पोस्ट का सच
सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संजय त्यागी के अनुसार, पुलिस संबंधित फेसबुक पोस्ट, वीडियो, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी।