बृजेश कबीर, हरदोई: अतरौली थाना क्षेत्र के रेहरियामऊ में दधि उत्सव में बज रहे एक राजनीतिक महिमामंडन गीत ने कार्यक्रम का रंग ही बदल दिया। ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ गाना बजाने को लेकर शुरू विवाद देखते ही देखते मारपीट और लट्ठबाजी में बदल गया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पांच नामजद समेत 40 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है।
तुर्रा: गाने तो आयोजक के मन के ही बजेंगे
रेहरियामऊ के देशराज के अनुसार, 10 सितंबर की रात जगदीश यादव के यहां दधि उत्सव था। वह रंजीत, सचिन और अरुण संग कार्यक्रम में पहुंचे थे। चार डांसर एंटरटेन कर रही थीं। इस दौरान ‘मैनपुरी ने साथ निभाया, डिंपल यादव जीत गईं’ बार-बार बजाया जा रहा था। देशराज के अनुसार, उन्होंने कृष्ण भगवान का भजन बजाने के लिए कहा। इस पर विवाद हो गया। कहा गया, कार्यक्रम में आयोजक की पसंद के अनुसार ही गाने बजेंगे।
महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा
देशराज का आरोप है, राजू यादव, दुर्गेश यादव, विवेक यादव, सचिन यादव और रीतेश यादव ने जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। देशराज का आरोप है- राजेश, प्रेम, अनुज, गोलू, राजेंद्र, जोगिंदर, आशीष और रंजीत की मां ऊषा समेत उनके परिजनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बच्चों से भी मारपीट का आरोप है। रंजीत और अरुण घायल हुए।
बवाल विवेचनाधीन: शिवाकांत
अतरौली कोतवाल शिवाकांत पांडेय ने बताया, तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद करते हुए 40 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच हो रही है। तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही होगी।