प्रमोद शर्मा,हापुड़: जनपद की राजनीति में रविवार को बड़ा राजनीतिक धमाका देखने को मिला। हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पुष्पा देवी ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। उनके साथ पूर्व बसपा नेता और उनके पति श्रीपाल सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस घटनाक्रम ने हापुड़ की राजनीतिक फिजा को अचानक गर्म कर दिया है।
बसपा से लड़ा था नपा का चुनाव
पुष्पा देवी वर्ष 2023 में बसपा के टिकट पर हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। ऐसे में उनका भाजपा में जाना बसपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इससे नगर निकाय की राजनीति में भाजपा की पकड़ और मजबूत हो सकती है, जबकि बसपा को स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
चर्चित चेहरा हैं श्रीपाल सिंह
श्रीपाल सिंह लंबे समय से हापुड़ की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर हापुड़ सदर सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उस चुनाव में भाजपा के विजयपाल आढ़ती ने जीत दर्ज की थी और श्रीपाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे। चुनावी हार के बावजूद उन्होंने क्षेत्र में अपनी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता लगातार बनाए रखी।
बसपा कर चुकी निष्कासित
श्रीपाल सिंह का नाम उस समय भी सुर्खियों में आया था, जब उनका पारिवारिक विवाद सार्वजनिक हुआ। बाद में बसपा नेतृत्व ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसके बावजूद वे स्थानीय राजनीति में लगातार सक्रिय रहे और अब भाजपा में शामिल होकर उन्होंने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
क्या कहते है जानकार?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पुष्पा देवी और श्रीपाल सिंह की भाजपा में एंट्री सिर्फ सदस्यता ग्रहण करने भर की घटना नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी राजनीतिक मायने हो सकते हैं। नगर निकाय से लेकर सदर विधानसभा क्षेत्र तक नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। आगामी चुनावों से पहले हुए इस बड़े सियासी फेरबदल ने विरोधी दलों की चिंता बढ़ा दी है, जबकि भाजपा इसे अपने संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देख रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि हापुड़ की राजनीति में यह नया दांव आगे क्या रंग दिखाता है।