हिमांशु सिंह, सीतापुर: पुलिस लाइन के सरकारी आवास में सोमवार देर रात हेड कांस्टेबल का शव मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टाइप-1 आवास संख्या 142 से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आवास अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के फर्श पर हेड कांस्टेबल अजय कुमार (45) का शव पड़ा मिला। अजय कुमार मूलरूप से उन्नाव जिले के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए गए।
रात 10 बजे मिली थी बदबू की सूचना
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे पुलिस लाइन परिसर के आवास संख्या 142 से तेज दुर्गंध आने की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो आवास बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर फर्श पर अजय कुमार का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। एएसपी और सीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक घटना से जुड़े स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि कमरे से शराब के सात पाउच मिलने की बात सामने आई है।
पिछले साल लखीमपुर खीरी हुआ था तबादला
सीओ सिटी कपूर कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल अजय कुमार का पिछले साल लखीमपुर खीरी के लिए तबादला हो चुका था। 21 नवंबर 2025 को उनकी रवानगी भी कर दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास खाली नहीं किया था और वहीं रह रहे थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जाएगा और प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।