Jaspal Singh Arora Bjp: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के भोपाल दौरे और बयानों को लेकर मध्य प्रदेश में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। सीहोर में मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोड़ा ने ओवैसी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ओवैसी दोबारा भोपाल आते हैं, तो जनता उन्हें रेलवे स्टेशन से बाहर कदम नहीं रखने देगी और उनके कपड़े फाड़कर विरोध दर्ज कराएगी। अरोड़ा ने यह भी कहा कि भोपाल में आकर विवादित बयान देने वालों को उनके गढ़ हैदराबाद में जाकर करारा जवाब दिया जाएगा।
काजी कैंप और मिसाइल बयान
भोपाल के काजी कैंप को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और असदुद्दीन ओवैसी के बीच छिड़े वाकयुद्ध पर जसपाल सिंह अरोड़ा ने कहा है कि विधायक रामेश्वर शर्मा ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनके बयान का पाकिस्तान स्थित काजी कैंप से था, न कि भोपाल के स्थानीय इलाके से। अरोड़ा ने आगे कहा है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत देने के लिए मिसाइल शब्द का प्रयोग एक मुहावरे के रूप में किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी इस बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं और भोपाल में मुस्लिम समाज को भड़काने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
भोपाल की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब
भाजपा नेता ने आगे कहा है कि भोपाल उनका गृह नगर है और इसकी ऐतिहासिक पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से रही है। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय सदियों से आपसी सौहार्द के साथ रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई लोगों ने राजधानी का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया, लेकिन भोपाल की शांतिप्रिय जनता ने उन्हें हमेशा खारिज किया है। ओवैसी द्वारा की गई भाषा अमर्यादित है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।