MP TET Protest: मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रदेशभर के हज़ारों शिक्षक TET की अनिवार्यता समेत अपनी कई मांगों को लेकर राजधानी भोपाल में जुटने लगे हैं। मोर्चे ने रविवार से भोपाल के ऐतिहासिक नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। शिक्षकों का साफ कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लेती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
शिक्षकों की मांगें
शिक्षकों का कहना है कि सालों से अपनी सेवाएं दे रहे अनुभवी शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा की शर्त को पूरी तरह समाप्त किया जाए। सेवा अवधि की गणना संविदा/प्रथम नियुक्ति तिथि से करते हुए क्रमोन्नति और वरिष्ठता का लाभ दिया जाए। मोबाइल ऐप के माध्यम से लागू की जा रही ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किया जाए।
प्रदेशभर से भोपाल पहुंच रहे शिक्षक
मोर्चा के संयोजक और राज्य शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि इन मांगों को लेकर पूर्व में शासन और प्रशासनिक अधिकारियों के स्तर पर कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं। हालांकि, हर बार केवल आश्वासनों के सिवाय कोई निर्णय नहीं लिया गया। सरकार के इस रवैये से आक्रोशित होकर प्रदेश के सभी 55 जिलों से शिक्षक भोपाल पहुंच रहे हैं, जिससे यह इस साल का सबसे बड़ा शिक्षक आंदोलन बनने जा रहा है।