बृजेश मिश्रा ब्यूरो रिपोर्ट,अमेठी: ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बाजारशुक्ल थाना पुलिस ने पाली जंगल में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 निर्मित और 5 अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र समेत कुल 16 तमंचे, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने पाली जंगल में दबिश दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखनऊ के नवीपनाह निवासी कौशल किशोर (30) और छोटू (21) के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद
आरोपियों के कब्जे से भट्टी, 52 रिपिट, 18 हैमर, 15 लोहे की नाल, 12 बट, 45 स्प्रिंग, 34 कील, 9 ट्रिगर, फायरिंग पिन, हथौड़ी, रेती और सड़सी समेत अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसके कागजात आरोपी नहीं दिखा सके।
लखनऊ और आसपास के जिलों में बेचते थे हथियार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर अवैध हथियार बनाकर लखनऊ और आसपास के जिलों में बेचते थे। पकड़े जाने के डर से ठिकाने बदलते रहते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।