बृजेश कुमार मिश्रा,अमेठी/मुंशीगंज: इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज की 21 वर्षीय छात्रा दीप्ति यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला चौथे दिन भी अनसुलझा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत फंदे से लटकने के कारण होने की बात सामने आई है, लेकिन छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह पुलिस अभी तक पता नहीं लगा सकी है।
पुलिस अभी भी जारी
मामले की जांच में पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन को अहम कड़ी मानकर चल रही है। पुलिस व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल खंगालने के साथ ही कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। पुलिस का प्रयास है कि इन साक्ष्यों से छात्रा की मौत से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
परिजनों की मांग
छात्रा की मां सुनीता यादव से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनके पति कुंवर बख्श ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि विसरा जांच नहीं कराई जा रही है। परिवार का कहना है कि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत को फंदे से लटकने की घटना मान लेना पर्याप्त नहीं है। छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और क्या उस पर किसी तरह का दबाव था, इसकी भी जांच होनी चाहिए। परिजनों ने मामले का शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग की है।
क्या कहती है पुलिस?
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह के अनुसार जांच जारी है। मोबाइल और व्हाट्सएप चैट की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।