विवेक सिंह, अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के टीकरमाफी चौकी अंतर्गत सोनारी कला गांव निवासी 24 वर्षीय अनुज कुमार का शव शनिवार दोपहर सूखा के पुरवा के पास नहर किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अनुज कुमार पुत्र स्व. शिव प्रसाद सोनी के रूप में की।
सुबह घर से निकला था अनुज
बताया जा रहा है कि अनुज शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकला था। दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने नहर किनारे युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। अनुज छह भाइयों और एक बहन में था। उसके पिता शिव प्रसाद सोनी की करीब दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है।
चेहरा जलाने की आशंका
ग्राम प्रधान के अनुसार, युवक के चेहरे पर किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई और उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डाला गया या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह, टीकरमाफी चौकी इंचार्ज और सीओ मनोज मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।