विशाल चतुर्वेदी,कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बभनौली सिधरिया गांव में घास काटकर घर लौट रही एक ही परिवार की तीन बेटियां पानी के गहरे बहाव में समा गईं थी। बीती रात से ही राहत एवं बचाव कार्य में जुटी एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव बरामद कर लिए हैं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक-दूसरे को बचाने में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां खेत से घास काटने के बाद वापस अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों बेटियों ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव तेज़ और गहराई अधिक होने के कारण तीनों ही पानी में समा गईं।
रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और एसडीआरएफ के जवानों ने कल रात से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शवों को पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।