अमन शुक्ला, सतना: सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम गुलुवा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में घर के बाहर बाड़े में बंधी 8 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 6 भेड़ें घायल हो गईं। यह भेड़ें रामसोहन पाल उर्फ बिट्टू की थीं। रामसोहन ने बताया कि रात में सभी भेड़ें बाड़े में बंधी हुई थीं। सुबह जब परिवार के सदस्य बाड़े में पहुंचे, तो उन्होंने 8 भेड़ों को मृत पाया और कई अन्य घायल थीं। घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई।
नहीं मिल सके पैरों के निशान
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के हमले की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, सुबह से हो रही बारिश के कारण घटनास्थल पर जंगली जानवर के पैरों के निशान नहीं मिल सके, जिससे हमले की पुष्टि में कठिनाई आ रही है।
आबादी क्षेत्र में लगातार वन्य जीवो के हमले
आबादी क्षेत्र में जंगली जानवरों के लगातार हमलों से ग्रामीणों में चिंता है। जिले में एक माह के भीतर जंगली जानवर के हमले से पशुओं की मौत की यह चौथी घटना है। इससे पहले 9 जुलाई की रात कोठी वन क्षेत्र के शिवसागर और मौहार गांव में तेंदुए ने बाड़ों में घुसकर भेड़-बकरियों का शिकार किया था। 22 जुलाई की रात चित्रकूट क्षेत्र के साड़ा गांव में भी तेंदुए के हमले में कई बकरियां मारी गई थीं।
खतरे में ग्रामीण और जानवर
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि तेंदुए की आबादी क्षेत्र में बढ़ती आवाजाही से लोगों और मवेशियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।