MP Foundation Day: मध्य प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह रविवार से राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर शुरू हो रहा है। तीन दिन तक चलने वाले इस महोत्सव का मुख्य समारोह 1 नवंबर की शाम 6:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस बार समारोह की थीम 'विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश' तय की गई है। आम नागरिकों के लिए इस कार्यक्रम में बिना किसी पास या प्रवेश पत्र के फ्री एंट्री रखी गई है, जबकि विद्यार्थियों के लिए अलग से 'स्टूडेंट ब्लॉक' बनाया गया है जहां वे अपने आईडी कार्ड दिखाकर प्रवेश कर सकेंगे।
सिंगर मोनाली बिखेरेंगी सुरों का जादू
रविवार की शाम राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर की लाइव प्रस्तुति होगी। वे मोह मोह के धागे और 'सवार लूं' जैसे अपने सुपरहिट बॉलीवुड गीतों से भोपालवासियों का दिल जीतेंगी। समारोह में 71 बच्चे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन करेंगे। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा और पहली शाम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।
वही लाल परेड ग्राउंड पर मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि, एग्री-इनोवेशन और कला को प्रदर्शित करती हुई कई अनूठी प्रदर्शनियां सजाई गई हैं। महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ द्वारा तैयार 'राजा भोज का भोपाल' विषय पर आधारित 160 जलरंग चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है। साथ ही आधुनिक कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक खेती, स्मार्ट सिंचाई और एग्री-स्टार्टअप्स के मॉडल्स का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा स्व-सहायता समूहों (SHGs) द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प और लोकल प्रोडक्ट्स के स्टॉल नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
'देशज व्यंजन मेला'
महोत्सव के दौरान रोजाना दोपहर 12:00 बजे से रात 8:00 बजे तक 'देशज व्यंजन मेला' आयोजित किया जा रहा है। इसमें आगंतुकों को मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल क्षेत्रों के पारम्परिक व लज़ीज़ पकवानों का स्वाद चखने को मिलेगा।