BJP MLA Rameshwar Sharma: मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को BJP का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी और तीखी हो गई है। कांग्रेस द्वारा हरदीप सिंह पुरी के नामांकन का विरोध करने और उन्हें काले झंडे दिखाने की चेतावनी पर हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने ऐतराज जताया है और कांग्रेस पर सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस पर बोला हमला
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस का इतिहास सिख समाज के प्रति विरोध का रहा है। जब भी सिख समुदाय के किसी व्यक्ति को बड़ा पद या सम्मान मिलता है, तो कांग्रेस असहज हो जाती है और विरोध की राजनीति करने लगती है। रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि 1984 में निर्दोष सिखों के खिलाफ हुए घटनाक्रम के बाद भी कांग्रेस ने कभी प्रायश्चित नहीं किया। उन्होंने 1 नवंबर को होने वाले विरोध-प्रदर्शन को पीड़ितों की संवेदनाओं के खिलाफ बताया।
सनातन का अंग सिख समाज
भाजपा विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा सिख समाज के साथ खड़े रहकर अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सिख समाज सनातन संस्कृति, देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला अभिन्न अंग है। बयान के अंत में विधायक ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि काले झंडे दिखाने और विरोध करने की इस राजनीति का डटकर राजनीतिक मुकाबला किया जाएगा।