भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कूल शिक्षा विभाग में जल्द ही 20 हजार पदों पर भर्ती करने की घोषणा की है. इसके साथ ही प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोलने और आदिवासी क्षेत्रों में 200 नए स्कूल भवन बनाने की योजना भी सामने आई है.
भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। प्रस्तावित भर्ती से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
MP Teacher Bharti 2026: 20 हजार पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में जल्द ही 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। हालांकि, भर्ती का विस्तृत विज्ञापन अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में पदों का वर्गवार विवरण, आवेदन की तारीख और पात्रता संबंधी शर्तों की जानकारी का इंतजार है।शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन की अंतिम तारीख की पुष्टि करनी चाहिए।
MP में खुलेंगे 200 नए सांदीपनि विद्यालय
राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं में सुधार के लिए 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोलने की योजना बना रही है। इन विद्यालयों के जरिए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा.इसके अलावा आदिवासी क्षेत्रों में 200 नए स्कूल भवन बनाने की भी घोषणा की गई है। इस पहल से दूरस्थ इलाकों में स्कूली शिक्षा के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अब तक करीब 85 हजार नियुक्तियां
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अब तक करीब 85 हजार नियुक्तियां कर चुकी है। उन्होंने स्कूल शिक्षा के बजट में हुई बढ़ोतरी का भी जिक्र किया.मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2003 से पहले स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 400 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर करीब 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सरकार का कहना है कि शिक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर स्कूलों की सुविधाओं और व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को भर्ती से संबंधित आधिकारिक सूचना पर नजर रखनी चाहिए। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तारीख, पदों का विस्तृत ब्योरा, पात्रता और चयन प्रक्रिया की जानकारी अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.फिलहाल, 20 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा सामने आई है। उम्मीदवारों को आवेदन या पात्रता से जुड़े अपुष्ट दावों पर भरोसा करने के बजाय आधिकारिक विज्ञापन के आधार पर ही तैयारी और आवेदन की योजना बनानी चाहिए।