विवेक सिंह, संग्रामपुर, अमेठी: विकासखंड संग्रामपुर मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार करीब चार वर्ष बाद खाली हो गया है। वर्ष 2022 से बैंक ऑफ बड़ौदा की संग्रामपुर शाखा को किराए पर दिए गए सभागार को बीते दिनों बैंक द्वारा खाली कर दिया गया। अब विकासखंड स्तरीय बैठकों, प्रशिक्षणों और अन्य कार्यक्रमों के लिए ब्लॉक मुख्यालय में ही स्थान उपलब्ध हो गया है। इससे अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को राहत मिलेगी।
ब्लॉक सभागार बैंक को किराए पर दिए जाने के बाद पिछले कई वर्षों से विकासखंड स्तरीय बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन में वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा था। ब्लॉक मुख्यालय पर सभागार उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकांश बैठकें, प्रशिक्षण और अन्य कार्यक्रम भवसिंहपुर स्थित पंचायत भवन में आयोजित किए जाते थे। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्लॉक मुख्यालय से दूसरे स्थान पर जाना पड़ता था। वहीं, कार्यक्रमों में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को भी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी।
सभागार के खाली होने के बाद अब ब्लॉक मुख्यालय में ही विभिन्न विकासखंड स्तरीय गतिविधियों के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। इससे कार्यक्रमों के संचालन में सुविधा होने के साथ ही समय और संसाधनों की बचत होने की उम्मीद है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह संग्रामपुर ने बताया कि जनता और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक सभागार को खाली कराया गया है। अब विकासखंड के सभी कार्यक्रम, बैठकें और प्रशिक्षण ब्लॉक मुख्यालय स्थित सभागार में ही आयोजित किए जाएंगे। इससे पंचायत भवनों में कार्यक्रम आयोजित करने से होने वाली असुविधा दूर होगी।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक मुख्यालय पर सभागार उपलब्ध होने से विकासखंड स्तरीय गतिविधियों के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा। अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को भी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए अनावश्यक रूप से दूसरे स्थान पर नहीं जाना पड़ेगा।