हिमांशु सिंह, नैमिषारण्य: सीतापुर-हरदोई सीमा पर हथियाघाट के पास मंगलवार सुबह नदी में अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और सिर पर चोट के गहरे निशान थे। शव की स्थिति देखकर हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए नदी में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण नदी किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही नैमिषारण्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद हरदोई के बेनीगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद घटनास्थल किस जिले की सीमा में आता है, इसको लेकर दोनों थानों की पुलिस आमने-सामने हो गई। करीब चार घंटे तक पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही और शव नदी किनारे ही पड़ा रहा।
बुलाना पड़ा राजस्व विभाग
मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो राजस्व विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया। सीतापुर की मिश्रिख तहसील और हरदोई तहसील से राजस्वकर्मी पहुंचे। नक्शे और राजस्व अभिलेखों के आधार पर मौके पर पैमाइश कराई गई। फीता डालकर सीमा का निर्धारण किए जाने के बाद घटनास्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
शव पर चोट के निशान
शव बाहर निकाले जाने पर युवक के हाथ-पैर रस्सी से मजबूती से बंधे मिले। सिर पर खून के गहरे निशान भी थे। युवक ने चेक की शर्ट और लोअर पहन रखा था। इन परिस्थितियों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है। पुलिस को आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने के लिए शव नदी में फेंका गया।
पहचान के लिए पुलिस ने भेजी तस्वीर
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के गांवों और सीतापुर, हरदोई समेत आसपास के जिलों के थानों में युवक की तस्वीर भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही हैं। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और समय स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।