रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार भाटापारा जिले में सोमवार सुबह एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। सिमगा थाना क्षेत्र के गांव दरचुरा के पास यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है।
बस में 22 यात्री थे सवार
बताया जा रहा है कि बस में कुल 22 यात्री सवार थे। सुबह के वक्त दरचुरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
बिलासपुर-रायपुर NH पर भीषण सड़क हादसा खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 3 लोगों की मौत, 8 से 10 घायल ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस में 22 यात्री सवार थे बस में फंसे घायलों को गैस कटर की मदद से निकाला गया घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा लाया गया #Chhattisgarh #BusAccident
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) October 26, 2026
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से निकाले घायल
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गांव वालों के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे ट्रक किस हालत में खड़ा था और बस उससे कैसे टकराई। मृतकों और घायलों की पूरी जानकारी सामने आने के बाद तस्वीर और साफ हो सकेगी।