लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के सामने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पहली बार समारोह में ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
भगवा पगड़ी में नजर आए सीएम
भगवा पगड़ी में नजर आए सीएम योगी ने इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर भी तिरंगा फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विचार का जिक्र किया, जिसमें देश की प्राथमिकता के तौर पर गरीब, युवा, महिला और किसान को चार प्रमुख वर्ग बताया गया है।
योगी बोले- अराजकता और अशिक्षा पर जीत जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि अगर देश को अराजकता और अशिक्षा से बाहर निकालना है तो देश को बांटने और कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहना होगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार देश में चार जातियां हैं-गरीब, युवा, महिला और किसान। सरकार इन चार वर्गों के लिए काम करेगी तो परिणाम और बेहतर होंगे।
पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में वंदे मातरम्
लखनऊ के विधान भवन में आयोजित मुख्य समारोह में इस बार ‘वंदे मातरम्’ का गायन विशेष आकर्षण रहा। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और ध्वजारोहण किया गया। समारोह के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई।डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक धोती-कुर्ते में और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कुर्ता-पायजामा में नजर आए।
यूपी की लोक संस्कृति की दिखी झलक
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति को भी मंच पर उतारा गया। बुंदेलखंड, ब्रज और पूर्वांचल के गीतों और बोलियों पर कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और अरुणाचल प्रदेश के कलाकारों ने भी अपनी क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति पर आधारित गीत-नृत्य प्रस्तुत किए। ‘बस गए राजा राम अवधपुरी मा...’ जैसे गीतों पर सीएम योगी भी कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। आल्हा-ऊदल की प्रस्तुति और स्वतंत्रता सेनानी ऊदा देवी के संघर्ष का मंचन भी हुआ।
पूरे यूपी में तिरंगे की धूम
लखनऊ, कानपुर, आगरा समेत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह रहा। घरों, दुकानों, सरकारी कार्यालयों और बड़ी इमारतों पर तिरंगा फहराया गया।आगरा में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली। वहीं कई शहरों में चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को तिरंगे से सजाया गया। देशभक्ति के गीतों के बीच जगह-जगह ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।