इटारसी के पास तड़के हुआ हादसा, एसी पैनल से उठे धुएं के बाद चेन पुलिंग कर रोकी गई ट्रेन, सभी यात्री सुरक्षित
नैनपुर से इंदौर जा रही पेंचवैली एक्सप्रेस में बुधवार तड़के उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के B2 एसी कोच में अचानक धुआं भरने लगा। सुबह करीब 4 बजे इटारसी से पहले पॉलापत्थर स्टेशन के पास हुई इस घटना के दौरान कोच में करीब 72 यात्री सवार थे। धुआं फैलते ही फायर अलार्म बजने लगे और यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसी पैनल से निकला धुआं, कोच में मच गई भगदड़

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं एसी पैनल से निकलना शुरू हुआ और कुछ ही मिनटों में पूरे कोच में फैल गया। पैनल से चिंगारियां निकलने लगीं, जबकि फायर अलार्म लगातार बजने लगे। लाइटें भी बार-बार ऑन-ऑफ होने लगीं, जिससे यात्री घबरा गए। कई लोग अपना सामान तक छोड़कर कोच से बाहर निकल आए।
चेन पुलिंग कर रोकी गई ट्रेन
गाड़ी संख्या 19344 पेंचवैली एक्सप्रेस भोपाल की ओर बढ़ रही थी। धुआं बढ़ते ही यात्रियों और रेलवे स्टाफ ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। बताया जा रहा है कि प्रभावित कोच का एक दरवाजा जाम हो गया था, इसलिए यात्रियों को दूसरे दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एक घंटे तक जंगल में रुकी रही ट्रेन
घटना के बाद रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तकनीकी जांच के दौरान ट्रेन करीब एक घंटे तक पॉलापत्थर के पास रुकी रही। इसके बाद B2 कोच के सभी यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया और ट्रेन को इटारसी के लिए रवाना किया गया। स्टेशन पहुंचने पर भी कोच की दोबारा जांच की गई।
रेलवे ने रिफंड का किया ऐलान
रेलवे ने कहा है कि जिन यात्रियों को थर्ड एसी के बजाय दूसरी श्रेणी में यात्रा करनी पड़ी है, उन्हें किराए का अंतर लौटाया जाएगा। टीटीई संबंधित यात्रियों को प्रमाण-पत्र देंगे, जिसके आधार पर रिफंड की प्रक्रिया पूरी होगी।इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चलती ट्रेन के एसी कोच में धुआं उठने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े हुए हैं। रेलवे अब यह पता लगाने में जुटा है कि एसी पैनल में धुआं और चिंगारियां किस वजह से निकलीं।