संजय सिरोठिया, चंदेरी: मध्य प्रदेश में इन दिनों अवैध शराब के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में आज भाड़री (भांडरी) ग्राम में अवैध शराब की बिक्री से तंग आकर ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में लाठियां और शराब विरोधी नारे लगाते हुए महिलाओं ने अशोकनगर-चंदेरी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
सड़क के दोनों ओर लगा लंबा जाम
महिलाओं के इस अचानक प्रदर्शन से चंदेरी रोड पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का साफ कहना है कि गांव के भीतर शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस बल के साथ तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। महिलाओं को शांत कराने के साथ ही पुलिस ने तुरंत गांव में दबिश दी और अवैध रूप से शराब बेचने वाले आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों की समझाइश के बाद खुला रास्ता
मौके पर मौजूद तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि गांव में दोबारा अवैध शराब नहीं बिकने दी जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। अधिकारियों की इस समझाइश और त्वरित कार्रवाई के बाद महिलाओं ने जाम हटा दिया जिसके बाद चंदेरी मार्ग पर यातायात दोबारा बहाल हो सका।