बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। रविवार को बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में खड़गे के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा ।
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को लेकर टिप्पणी किए जाने पर खड़गे ने कहा “मोदी का बाप भी जाएगा।” इस बयान को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष की आलोचना की।
अमित शाह और भाजपा नेताओं ने क्या कहा?
अमित शाह ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ बार-बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है। उन्होंने खड़गे की टिप्पणी को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया और कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए ।
भाजपा प्रवक्ता तुहिन ए. सिन्हा ने भी बयान की आलोचना की । वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक सोच से जोड़ते हुए कहा कि विरोध करते समय भी गरिमा बनाए रखना जरूरी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी खड़गे पर तीखा हमला बोला।
बयान के संदर्भ पर भी उठे सवाल
घटना के बाद संबंधित व्यक्ति संतोष कुमार ने कहा कि उनकी बात को गलत समझा गया। उनके मुताबिक वह कहना चाह रहे थे कि विद्रोह के बिना मोदी नहीं जाएंगे और उनकी बात का केवल एक हिस्सा सुना गया । इस दावे के बाद घटना के पूरे संदर्भ पर भी चर्चा शुरू हो गई।
खड़गे ने इसी कार्यक्रम में भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी आलोचनात्मक बातें कही थीं । इस घटनाक्रम ने भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी को और तेज कर दिया है।