उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों पर आज मतगणना जारी है.इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. बिहार की 8 सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबला है. चुनाव के नतीजों पर चारों राज्यों के राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।
सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती
चारों राज्यों में विधान परिषद की सीटों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया गया था.उत्तर प्रदेश में कुल 55.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बिहार में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 43.87 प्रतिशत और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 74.55 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
बिहार में 8 सीटों पर 150 उम्मीदवार
बिहार की आठ विधान परिषद सीटों पर मुकाबला दिलचस्प है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल यूनाइटेड (JDU) बाकी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं.
उत्तर प्रदेश में बीजेपी-सपा के बीच मुकाबला
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा राजनीतिक मुकाबला माना जा रहा है। इस बीच आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन सीट के चुनाव में कथित गंभीर लापरवाही को लेकर चुनाव आयोग ने छह अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है।आयोग ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ 10 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा 21 अन्य मतदानकर्मियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
महाराष्ट्र की पांच सीटों पर महायुति बनाम MVA
महाराष्ट्र की पांच विधान परिषद सीटों पर सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच मुकाबला है। इन चुनावों में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अब नतीजों पर सबकी नजर
चारों राज्यों में मतगणना जारी रहने के बीच राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की निगाहें परिणामों पर टिकी हैं। बिहार में आठ सीटों पर मुकाबला, उत्तर प्रदेश में भाजपा-सपा की टक्कर और महाराष्ट्र में महायुति-MVA के बीच प्रतिस्पर्धा प्रमुख राजनीतिक पहलू हैं। अंतिम नतीजे घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन दलों और उम्मीदवारों को बढ़त मिली है।