गेलेफूः भारत और भूटान की दोस्ती को एक खास सम्मान मिला है, भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 76वां बौद्ध स्तूप समर्पित किया है। यह स्तूप भूटान में बनाए गए 108 स्तूपों में शामिल है, भारत के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे देश के लिए बड़ा सम्मान बताया और भूटान के राजा का आभार जताया ।
108 स्तूपों में से मोदी को समर्पित किया 76वां स्तूप
यह कार्यक्रम 1 नवंबर को भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित किया गया । इस दौरान 108 बौद्ध स्तूपों को स्थापित कर उनका धार्मिक विधि से अभिषेक किया गया। भूटान के राजा की पहल पर तैयार इस परियोजना में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
इन सभी स्तूपों की ऊंचाई करीब 15 मीटर है। इन्हें एई (माउ) नदी के किनारे करीब 11.7 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में बनाया गया है। बौद्ध धर्म में 108 संख्या का विशेष महत्व माना जाता है ।
रिजिजू ने कहा- भारत के लिए बड़ा सम्मान
इस कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया। उन्होंने भूटान के राजा, रानी और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे की मौजूदगी में प्रार्थना की । रिजिजू ने सोशल मीडिया पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की भारत और भूटान की दोस्ती को मजबूत करने की सोच और गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना के लिए उनके समर्थन के सम्मान में 76वां स्तूप उन्हें समर्पित किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री की ओर से भी भूटान के राजा का आभार जताया।
क्या है गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी?
यह भूटान के राजा की महत्वाकांक्षी परियोजना है. इसके तहत भूटान में एक आधुनिक शहर विकसित किया जा रहा है, जहां विकास के साथ प्रकृति, संस्कृति और लोगों की भलाई पर भी ध्यान दिया जाएगा । भारत ने भी इस परियोजना में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, निवेश और संपर्क बढ़ाने को लेकर भी बातचीत हुई है।