बेंगलुरुः भारत की स्वदेशी वंदे भारत ट्रेन अब दूसरे देशों में भी दौड़ती नजर आ सकती है । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत अगले 3 से 4 साल में पूरी वंदे भारत ट्रेनों का निर्यात शुरू कर देगा, अभी तक भारत इन ट्रेनों के कई अहम पार्ट्स विदेश भेज रहा है। अब पूरी ट्रेन को अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतारने की तैयारी है।
इन देशों में पहुंच रहे वंदे भारत के पार्ट्स
रेल मंत्री ने 1 नवंबर को बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के दौरान यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे ने ट्रेन के कुछ सबसे आधुनिक पार्ट्स का निर्यात शुरू कर दिया है, इनमें प्रोपल्शन सिस्टम और बोगियां शामिल हैं।
इनकी सप्लाई स्विट्जरलैंड, जर्मनी, फ्रांस, इटली और अमेरिका जैसे देशों में की जा रही है । अब भारत की योजना पूरी तरह तैयार वंदे भारत ट्रेनें भी दूसरे देशों को बेचने की है।
हर नए मॉडल में हो रहा सुधार
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत के हर नए मॉडल में पहले के अनुभवों के आधार पर सुधार किया जा रहा है। ट्रेन की डिजाइन और निर्माण में बड़े स्तर पर देश में ही तैयार तकनीक और सामान का इस्तेमाल होता है ।

यह योजना मेक इन इंडिया और विकसित भारत के लक्ष्य से भी जुड़ी है, पूरी ट्रेन का निर्यात शुरू होने से भारतीय रेलवे के साथ देश की ट्रेन बनाने वाली कंपनियों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर मिल सकते हैं।