चंचल गिरी/न्यूज 11 भारत
जामताड़ा डेस्क: जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर के समीप एक व्यक्ति की मौत से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड संख्या 17 अंतर्गत अंबेडकरनगर निवासी 55 वर्षीय शांता तुरी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शांता तुरी मिहिजाम स्थित अपने ससुराल में रहकर जीवन व्यतीत कर रहा था. उसके ससुर का नाम लड्डू तुरी बताया गया है. मृतक का मूल घर पश्चिम बंगाल के कुल्टी में है, जबकि मिहिजाम में उसका ससुराल है. वह लंबे समय से ससुराल में ही रह रहा था.स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर के पास उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. घटना की सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक स्तर पर मौत की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के संबंध में पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
यह भी पढ़ें: शाहपुर में ग्रामीण बैंक के पास मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी चैनपुर पुलिस