न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: जिले के धनसार थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर विश्वकर्मा फर्नीचर शॉप में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. चोरों ने दुकान में चोरी करने के बाद आग भी लगा दी. आग लगने से दुकान में रखा फर्नीचर और फर्नीचर बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं.
दुकान के गल्ले से करीब 22 हजार रुपये नगद और कई कीमती मशीनें गायब हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद धनसार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. दुकान मालिक रामबाबू शर्मा ने कहा कि, वह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. रात करीब 12 बजे आसपास के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया.
दुकानदारों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. इसके बावजूद पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: बड़ा झटका! UPI पेमेंट पर सरकार ने लगाया चार्ज, अब फ्री में नहीं होगा ऑनलाइन भुगतान