चंचल गिरी/न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: शुक्रवार को जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. जहां तीन अज्ञात युवकों ने सुनसान कच्चे रास्ते पर गेट-ग्रील कारोबारी को घेरकर उसके पास मौजूद 65 हजार रुपये नगद और एंड्रॉयड मोबाइल फोन छीन लिया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
बागबेर पंचायत के कालाझरिया निवासी समसुल अंसारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह सहजपुर-सितकपुर रोड के पास गेट-ग्रील बनाने का व्यवसाय करते हैं. आठ सितंबर को काम के बदले उन्हें ईदगाह मोड़ निवासी अख्तर अंसारी से 20 हजार और रमजानी मोड़ निवासी मुस्तकीम अंसारी से 40 हजार रुपये मिले थे. उनके पास पहले से पांच हजार रुपये भी थे. इस तरह कुल 65 हजार रुपये लेकर वह अपने घर लौट रहे थे.
इसी दौरान बंड़पर से रेलवे लाइन के भीतर पुलिया पार कर रेलवे कॉलोनी स्थित शांति निकेतन की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि बदमाशों ने जबरन उनकी जेबों से 40 हजार और 25 हजार रुपये निकाल लिए. इसके बाद ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए.
पीड़ित के अनुसार, घटनास्थल से कुछ दूरी पर बांसझुड़ के समीप दो मोटरसाइकिलें खड़ी थीं. इनमें एक लाल रंग की अपाचे बाइक थी. दूसरी बाइक के संबंध में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके. थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि मामले में कांड संख्या 69/26 दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ कर रही है और बदमाशों के संभावित भागने के रास्तों की भी पड़ताल की जा रही है.