रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित केन्जरा टोला तारोबबुरु में भूमि विवाद को लेकर खूनी वारदात सामने आई है. पुरानी रंजिश में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पति, पत्नी और उनके 12 वर्षीय मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उनके शवों को छिपा दिया गया. मामले में टोंटो थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दो मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है.
साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से ठिकाने लगाए गए थे शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की रिश्तेदार रमिया दोरायबुरु ने 26 अगस्त 2026 को टोंटो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने शिकायत में बताया कि जमीन संबंधी विवाद के चलते उनके परिवार के तीन सदस्यों की अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या कर दी गई है और शवों को कहीं गायब कर दिया गया है.
प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टोंटो थाना कांड संख्या-19/2026 दर्ज किया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत केस पंजीकृत किया गया. मृतकों में राजिन दोरायबुरु उम्र लगभग 40 वर्ष, पिता- कांण्डे दोरायबुरु, जानो दोरायबुरु उम्र लगभग 38 वर्ष, पति- राजिन दोरायबुरु और कांण्डे दोरायबुरु उम्र लगभग 12 वर्ष पिता- राजिन दोरायबुरुसभी निवासी: ग्राम केन्जरा टोला तारोबबुरु, थाना टोंटो निवासी शामिल हैं.
पुलिस की विशेष टीम ने बिछाया जाल, दो गिरफ्तार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणुके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने केन्जरा टोला तारोबबुरु गांव में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में बोंज दोरायबुरु उम्र लगभग 19 वर्ष, पिता- महती दोरायबुरु और मुचिया दोरायबुरु उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता- मुन्दुआ दोरायबुरु दोनों निवासी: ग्राम तारोबबुरु, थाना टोंटो शामिल है. कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों युवकों ने भूमि विवाद के कारण हत्या की बात स्वीकार कर ली. उनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने छिपाए गए तीनों शवों को बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली.
इस त्वरित सफलता को हासिल करने वाली टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, टोंटो थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक धन्नजय सिंह, पु.अ.नि. रणधीर कुमार, पु.अ.नि. विजय कुजूर तथा टोंटो थाना का रिजर्व गार्ड बल शामिल था. पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: नेपाल के बाढ़ में पलामू का मजदूर लापता, चिंतित परिजन लगा रहे मदद की गुहार