न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित गाली-गलौज, धमकी और थाना परिसर में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने भी विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मोर्चा खोल दिया है. एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से मामले में कानूनी प्रक्रिया तेज करते हुए जयराम महतो समेत अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है.
एसोसिएशन के रांची जिला शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात जयराम महतो ने थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल कर कथित रूप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी. इसके बाद विधायक के समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचने और वहां अभद्र व्यवहार व कार्यालय में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. मामले में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग: ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस