न्यूज़11 भारत
नई दिल्ली/डेस्क: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की पुरानी और घिसी-पिटी स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. स्वास्थ्य सेवाओं में आधुनिक तकनीक, नई दवाइयों और बेहतर उपचार व्यवस्था को शामिल कर आम लोगों की जिंदगी बचाने के लिए वे दिन-रात काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “मेरा फोकस सिर्फ बातें करने पर नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीन पर बदलने पर है. विपक्ष का काम आलोचना करना है, मैं अपना काम कर रहा हूं. मुझे खुशी है कि हमारे राजनीतिक विरोधी भी भीतर से हमारे काम की प्रशंसा करते हैं, लेकिन मेरा लक्ष्य प्रशंसा पाना नहीं, बल्कि झारखंड की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना है.”
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनके सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में आमूलचूल सुधार करना है. उन्होंने कहा कि झारखंड को नई तकनीक, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और नई पीढ़ी की दवाइयों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
भारत मंडपम में 32 देशों की अत्याधुनिक स्वास्थ्य तकनीक का अध्ययन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में 32 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने-अपने देशों की अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, आधुनिक मेडिकल उपकरण, नई दवाइयां, डिजिटल हेल्थ एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में विकसित हो रही तकनीकों का प्रदर्शन किया.
इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने विभिन्न देशों की तकनीकों का भ्रमण कर AI, रोबोटिक टेक्नोलॉजी, आधुनिक MRI एवं CT Scan, कैंसर की दवाइयों, डिजिटल हेल्थ और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का गहन अध्ययन किया. इस अवसर पर झारखंड से उप सचिव नेहा अरोड़ा, सचिव शशि प्रकाश सिंह, रितु सहाय सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विशेषज्ञ एवं अधिकारी मौजूद रहे.
ओमान के साथ कैंसर की आधुनिक दवाइयों को लेकर होगा टाई-अप
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत मंडपम में ओमान सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई है.
उन्होंने कहा कि ओमान के साथ जल्द स्वास्थ्य एवं मेडिकल क्षेत्र में टाई-अप करने की दिशा में काम किया जाएगा. ओमान में तैयार हो रही आधुनिक कैंसर की दवाइयों एवं उपचार से जुड़ी तकनीक को झारखंड तक लाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, “कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है. दुनिया में जो नई और बेहतर दवाइयां उपलब्ध हैं, उनका लाभ झारखंड के मरीजों को भी मिले, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग की संभावनाएं तलाश रहा हूं.”
जर्मनी की Siemens के साथ रोबोटिक टेक्नोलॉजी पर विशेष फोकस
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जर्मनी की Siemens के साथ रोबोटिक टेक्नोलॉजी एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को लेकर विशेष स्तर पर बातचीत की जाएगी. जनवरी में इस दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि आने वाला समय तकनीक आधारित चिकित्सा का है. रोबोटिक सर्जरी, AI आधारित डायग्नोसिस, आधुनिक इमेजिंग सिस्टम और डिजिटल हेल्थ स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले हैं.
MRI, CT Scan और AI समेत आधुनिक तकनीक झारखंड में लाने की तैयारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका विशेष फोकस AI, आधुनिक MRI, CT Scan, रोबोटिक टेक्नोलॉजी, डिजिटल हेल्थ और आधुनिक डायग्नोस्टिक सिस्टम पर है. उन्होंने कहा, “मैंने यहां कई तकनीकों का गहन अध्ययन किया है. कई देशों और कंपनियों के साथ मेरी बातचीत हुई है. अब मेरा प्रयास है कि दुनिया में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो बेहतरीन तकनीक उपलब्ध है, उसे झारखंड में लाया जाए.” उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों को तकनीक और उपचार की गुणवत्ता के मामले में मजबूत किया जाएगा, ताकि गरीब और सामान्य परिवारों के मरीजों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके.
“विपक्ष आलोचना करे, मेरा ध्यान जनता की जिंदगी बचाने पर है”
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राजनीति में आलोचना होती रहती है, लेकिन स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उनका ध्यान राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा काम और परिणाम पर है.
उन्होंने कहा, मेरे राजनीतिक साथी और आलोचक चाहे जितनी निंदा करें, मेरा ध्यान उससे नहीं भटकता. विपक्ष का काम बोलना और आलोचना करना है, मेरा काम झारखंड की जनता के लिए काम करना है. मैं चाहता हूं कि जब कोई मरीज सरकारी अस्पताल पहुंचे तो उसे सम्मान, समय पर इलाज, अच्छी दवा और आधुनिक तकनीक उपलब्ध हो.
उन्होंने आगे कहा, मैं झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को उसकी वर्तमान स्थिति से बेहतर स्थिति में पहुंचाने के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं. मेरा लक्ष्य किसी की प्रशंसा हासिल करना नहीं है. मेरा लक्ष्य है कि लोगों की जान बचे, मरीजों को बेहतर उपचार मिले और झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो.
झारखंड में होगा Medical & Health Technology Conclave
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड में बड़ा Medical & Health Technology Conclave आयोजित करने की दिशा में काम किया जाएगा. इसमें देश-विदेश की मेडिकल कंपनियों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शोध संस्थानों और हेल्थ टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा.
इस कॉन्क्लेव के माध्यम से AI, रोबोटिक सर्जरी, कैंसर उपचार, नई दवाइयों, आधुनिक MRI एवं CT Scan, डिजिटल हेल्थ और मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में झारखंड के लिए नए तकनीकी सहयोग के रास्ते खोले जाएंगे.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “भारत मंडपम मेरे लिए सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने का अवसर है. 32 देशों की तकनीक को करीब से देखा और विशेषज्ञों से बातचीत की. अब इन संभावनाओं को झारखंड तक पहुंचाने का समय है.” “मेरा संकल्प साफ है—झारखंड को मेडिकल हब बनाना है, हेल्थ टेक्नोलॉजी का हब बनाना है और हर व्यक्ति तक बेहतर इलाज पहुंचाना है.”
यह भी पढ़ें- JPSC-JSSC परीक्षाओं की CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में JPSC-JSSC REFORM MANCH ने दाखिल किए दो IA