न्यूज़11 भारत
कोडरमा/डेस्क: JSSC CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली और पेपर लीक मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात कोडरमा जिले में छापामारी की. इस कार्रवाई के दौरान सीआईडी की टीम ने जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो युवकों को हिरासत में लिया और गहन पूछताछ के लिए अपने साथ रांची ले गई है.
जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की देर रात कोडरमा पहुंची. सीआईडी टीम ने पहली कार्रवाई डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में की, जहां से एक युवक को उठाया गया. इसके तुरंत बाद सीआईडी की टीम ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के बरसोतियाबार में छापेमारी कर एक अन्य युवक को अपनी हिरासत में लिया.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी द्वारा पहले हिरासत में लिए गए मुख्य आरोपियों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन युवकों के नाम सामने आए थे. रिमांड और पूछताछ के दौरान यह बात निकलकर आई कि कोडरमा के ये दोनों युवक परीक्षा सिंडिकेट और धांधली में शामिल लोगों के लगातार संपर्क में थे.
हालांकि, सीआईडी या स्थानीय पुलिस की ओर से अभी तक इस बात का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है कि पकड़े गए युवकों की सीजीएल परीक्षा धांधली में किस स्तर की भूमिका थी क्या वे प्रश्नपत्र की खरीदारी-बिक्री में शामिल थे, परीक्षार्थियों को सेट कराने का काम कर रहे थे या केवल बिचौलियों के माध्यम से आर्थिक लेन-देन करते थे? पूछताछ के बाद ही इन सवालों का जवाब मिल पायेगा.
इसे भी पढ़ें: रांची: एमिटी यूनिवर्सिटी गेट पर मारपीट मामले में विधायक के बेटे पर FIR दर्ज, नकद और सोने की चेन छीनने का आरोप