न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची पुलिस की एक सकारात्मक पहल ने दर्जनों लोगों के चेहरों पर खोई हुई मुस्कान लौटा दी है. पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत महीनों और वर्षों पहले गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे जा रहे हैं.
रांची पुलिस ने तकनीकी निगरानी और CEIR पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए सैकड़ों मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनमें से पिछले एक महीने में ही 100 से अधिक मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किए हैं. बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, जिसके बाद लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली. पुलिस के इस अभियान को तकनीकी दक्षता (Technical Proficiency) के साथ-साथ जनसेवा की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है. मोबाइल वापस मिलने से लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हो रहा है.
हर महीने 25 तारीख को 'मुस्कान' कार्यक्रम
रांची पुलिस की ओर से 'ऑपरेशन मिशन मुस्कान' के तहत हर महीने की 25 तारीख को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों के दौरान बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे जाते हैं. पुलिस की इस पहल का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों से ट्रैक कर बरामद करना और उन्हें सुरक्षित तरीके से उनके मालिकों तक पहुंचाना है. ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के जरिए पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीक के इस्तेमाल के साथ-साथ लोगों के बीच विश्वास कायम करने की कोशिश भी की जा रही है.