संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11 भारत
पलामू /डेस्क: जिले में आयोजित 'इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड शो 2026' ने केवल डिजिटल क्रिएटर्स को सम्मानित करने का काम हीं नहीं किया, बल्कि समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल भी पेश की है. पलामू, गढ़वा, लातेहार और रांची के उभरते हुनरबाजों को मंच देने के बाद इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य तब धरातल पर दिखाई दिया, जब युवा समाजसेवी राजू तिर्की सुआ कौड़िया गाँव की रहने वाली दिव्यांग क्रिएटर प्रियंका गुप्ता के घर पहुँचे.
पिता का साया सिर से उठ जाने और बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद प्रियंका अपनी कला के दम पर लगातार संघर्ष कर रही हैं. उनकी इस जिजीविषा को नमन करते हुए समाजसेवी राजू तिर्की ने उनसे मुलाकात की और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की, इसके साथ ही उन्होंने प्रियंका को भविष्य में हर संभव सहयोग और उचित मंच दिलाने का मजबूत भरोसा भी दिया.
इस संवेदनशील पहल में उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सिंह, प्रवीण तिवारी और मुकेश मेहता भी शामिल रहे, जिन्होंने प्रियंका का उत्साहवर्धन करते हुए समाज से ग्रामीण प्रतिभाओं का संबल बनने का आह्वान किया.
इसे भी पढ़ें: पलामू: गरीबों के हक का 209 क्विंटल चावल बर्बाद, 6 साल से विवाह मंडप में सड़ रहा सरकारी अनाज