नंदकिशोर कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत करनी पंचायत के मिरचाई पाठ इलाके में जंगली सुअरों के आतंक से किसान परेशान हैं. बताया जा रहा है कि जंगली सुअरों के झुंड ने करीब दस एकड़ जमीन में लगी मक्के की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है.
किसानों का कहना है कि उन्होंने काफी मेहनत और लागत लगाकर मक्के की फसल तैयार की थी, लेकिन जंगली सुअरों ने खेतों में घुसकर फसल को रौंदते हुए बर्बाद कर दिया. फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनकी आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कही जा रही है.
पीड़ित किसान मुन्ना यादव, अशोक यादव, लालेश्वर यादव, राजदेव यादव समेत अन्य किसानों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए खेतों में हुए नुकसान का आकलन कराने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है. किसानों ने जंगली सुअरों से फसल को बचाने के लिए भी प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: बाघमारा में धंसी चाल, दो महिलाओं की मौत; दर्जनों के दबे होने की आशंका