अंकित पाण्डेय, गौरीगंज (अमेठी): अमेठी में सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, एक पिकअप और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 10 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। टीम ने पिकअप संख्या यूपी 44 सीटी 9539 में सवार सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेमलाल निषाद, अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ने, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद के रूप में हुई है। सभी आरोपी अमेठी और सुलतानपुर जिले के निवासी हैं।
पहले रेकी, फिर काट ले गए तार
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने नेवादा स्थित सोलर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और वहां पहुंचने के रास्तों की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद 29 सितंबर की रात प्लांट से तार चोरी किए। दो अक्टूबर को भी इसी प्लांट से तार चोरी कर खेत में छिपा दिए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी तारों का प्लास्टिक जलाकर तांबा निकालते थे और उसे कबाड़ी को बेच देते थे। चोरी के तार बेचकर 80 हजार रुपये मिलने की बात सामने आई है।
ट्रांसफार्मर से भी चुराया था तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मार्च में जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से भी बाइंडिंग तार चोरी किया था। इस दौरान ट्रांसफार्मर का तेल मौके पर ही गिर गया था। चोरी किए गए तार को 27 हजार रुपये में बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है। पुलिस ने तीन चोरी की घटनाओं से जुड़े मामलों का खुलासा किया है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पिकअप और प्लास, तार कटर, आरी ब्लेड, पेचकस, छेनी व रिंच समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। मामले में भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने में दो और जामो थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।